All India tv news। रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का एक बड़ा अवसर सामने आया है। आगामी 24 सितंबर 2026 को जिला मुख्यालय में एक लघु रोजगार मेले का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें स्थानीय युवाओं को विभिन्न कम्पनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य जनपद के बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार के उचित अवसर प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इसी कड़ी में 24 सितंबर को जिला कार्यालय सभागार, रुद्रप्रयाग में इस लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
यह रोजगार मेला सुबह 10:00 बजे से शुरू होगा। भर्ती प्रक्रियाओं में भाग लेने के इच्छुक सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ अपना अपडेटेड बायोडाटा (रिज्यूमे) और सभी जरूरी शैक्षणिक व अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर आने की सलाह दी गई है। जिले के योग्य व इच्छुक युवा इस मेले में पहुंचकर सीधे कम्पनियों के प्रतिनिधियों से मिल सकते हैं और इस सुनहरे अवसर का लाभ उठा सकते हैं।

