expr:class='data:blog.pageType' id='mainContent'>

रामनगर-काशीपुर NH-309 की बदहाली पर भड़का उक्रांद, प्रतापपुर में सांकेतिक धरना देकर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी।

 


All India tv news। रामनगर/काशीपुर:

रामनगर से काशीपुर को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-309 की जर्जर स्थिति को लेकर जनता का आक्रोश अब सड़कों पर उतरने लगा है। आज उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के कार्यकर्ताओं ने सड़क सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग को लेकर प्रतापपुर में एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया। उक्रांद नेताओं ने साफ लफ्जों में चेतावनी दी है कि यदि शासन और प्रशासन ने जल्द ही कुंभकर्णी नींद से जागकर सड़क को दुरुस्त नहीं किया, तो दल एक बड़े और उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होगा।
धरने को संबोधित करते हुए उत्तराखंड क्रांति दल के पदाधिकारियों ने कहा कि इस मुख्य मार्ग की स्थिति बेहद बदहाल हो चुकी है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे लगातार जानलेवा साबित हो रहे हैं। इस मार्ग पर अब तक कई भीषण और निर्मम सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है और कई हंसते-खेलते परिवार उजड़ गए हैं। इसके बावजूद भी लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की आंखें नहीं खुल रही हैं।
उक्रांद नेताओं ने सत्ता पक्ष और प्रशासनिक अधिकारियों पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि आज का यह प्रदर्शन सिर्फ एक सांकेतिक धरना है। हमारा मुख्य उद्देश्य सोए हुए शासन और प्रशासन के संज्ञान में इस एनएच की दुर्दशा को लाना है। नेताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि सत्ता की आड़ में सोए हुए नेता और अधिकारी यह अच्छी तरह जान लें कि जनता के सब्र का बांध अब टूट रहा है। अगर इस सड़क पर तत्काल प्रभाव से डामरीकरण का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो उत्तराखंड क्रांति दल पूरी ताकत के साथ उग्र आंदोलन की शुरुआत करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और उक्रांद कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द से जल्द सड़क सुधारने की मांग दोहराई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.