All India tv news। राजस्थान के बाड़मेर से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जिसने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सुशासन के दावों के बीच, बदमाशों ने दिन-दहाड़े एक परीक्षा केंद्र में घुसकर 12वीं कक्षा के छात्र का अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद छात्र के साथ जो बर्बरता की गई, उसने मानवता को शर्मसार कर दिया है।
घटना का स्थान:- यह खौफनाक वारदात बाड़मेर जिले के बीजराड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जैसार गांव की है।
वारदात का समय:- सोमवार सुबह करीब 8:15 बजे, जब 17 वर्षीय छात्र अपने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में राजनीति विज्ञान की बोर्ड परीक्षा देने पहुंचा था।
बर्बरता की हद:- बोलेरो गाड़ी में आए 4 से 6 नकाबपोश बदमाशों ने छात्र को स्कूल परिसर से जबरन उठाया। उसे करीब 8 किलोमीटर दूर एक सुनसान जगह ले जाकर बेरहमी से पीटा गया। दरिंदगी का आलम यह था कि बदमाशों ने छात्र के हाथ-पैर तोड़ दिए और पलाश से उसके नाखून तक उखाड़ दिए।
वीडियो वायरल:- इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें छात्र "बचाओ-बचाओ" चिल्ला रहा है, लेकिन वहां मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे।
प्रशासनिक कार्यवाही:-
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बाड़मेर मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल में घायल छात्र का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं। शुरुआती जांच में इसे आपसी रंजिश का मामला माना जा रहा है।
परीक्षा जैसे संवेदनशील समय में स्कूल परिसर के भीतर से छात्र का अपहरण होना यह दर्शाता है कि अपराधियों में कानून का खौफ खत्म हो चुका है। विपक्षी दल और स्थानीय लोग अब सरकार से सवाल पूछ रहे हैं— क्या यही है राजस्थान का सुरक्षित माहौल?

