All India tv news । उत्तराखंड के पहाड़ों में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस वक्त की एक बहुत बड़ी और दर्दनाक खबर अल्मोड़ा जिले के रानीखेत से आ रही है, जहाँ दिनदहाड़े एक युवती पर गुलदार ने जानलेवा हमला कर दिया है। घटना रानीखेत के कुंवाली क्षेत्र की है, जहाँ महज 22 साल की एक युवती जंगल गई हुई थी, तभी झाड़ियों में घात लगाकर बैठे गुलदार ने उस पर अचानक हमला बोल दिया। युवती की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। इस घटना के बाद से पूरे कुंवाली और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
मीडिया से मिली जानकारी के मुताबिक रानीखेत के कुंवाली इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 22 वर्षीय स्थानीय युवती रोजमर्रा के काम से गांव से सटे जंगल की तरफ गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के मुताबिक, गुलदार ने युवती की गर्दन और सिर पर सीधा वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। युवती की चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर दौड़े, गुलदार युवती को गंभीर रूप से घायल कर जंगल की तरफ भाग निकला। आनन-फानन में लहूलुहान युवती को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया है, जहाँ वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। ग्रामीणों की मांग :-
- पंजरा लगाने की मांग: इस दिलदहला देने वाली घटना के बाद से ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार लगातार आबादी के पास मंडरा रहे हैं, जिससे लोगों का खेतों और जंगलों में जाना दूभर हो गया है।
- सुरक्षा में लापरवाही का आरोप: ग्रामीणों ने वन विभाग को चेतावनी दी है कि वे तुरंत कुंवाली क्षेत्र में पिंजरा लगाएं और गश्त बढ़ाकर ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो ग्रामीण उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। रानीखेत की इस घटना ने एक बार फिर वन विभाग के सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। अब देखना यह होगा कि वन विभाग कब तक इस आदमखोर होते गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाता है। "ऑल इंडिया टीवी न्यूज" सभी दर्शकों से अपील करता है कि अकेले जंगलों की तरफ न जाएं और सतर्क रहें।

