All India tv news । उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैनीताल से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ मल्लीताल इलाके के एक होटल में बंदरों के आतंक के कारण इंदौर से आए एक पर्यटक परिवार के मासूम बच्चे की जान चली गई है। इस दुखद हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
खिड़की के पास खेल रहा था मासूम :-
मीडिया से मिली जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश के इंदौर से एक परिवार नैनीताल घूमने आया हुआ था। यह परिवार मल्लीताल स्थित एक होटल की तीसरी मंजिल पर ठहरा था। रविवार को परिवार का मासूम बेटा 'गौरांश' कमरे में खेल रहा था। इसी दौरान कमरे की खिड़की के पास कुछ बंदर आ गए। बंदरों को देखकर मासूम उन्हें भगाने के लिए खिड़की से पत्थर मारने लगा।
संतुलन बिगड़ने से हुआ दर्दनाक हादसा :-
बंदरों को पत्थर मारने के प्रयास में मासूम गौरांश अचानक अपना संतुलन खो बैठा। इससे पहले कि परिवार के लोग कुछ समझ पाते, वह होटल की तीसरी मंजिल से सीधे नीचे गिर गया। तीसरी मंजिल से गिरते ही बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इलाज के दौरान तोड़ा दम :-
परिजनों ने आनन-फानन में घायल बच्चे को स्थानीय बीडी पांडे अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन मासूम को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल लेकर भागे। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद, इलाज के दौरान मासूम गौरांत ने दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों और पर्यटकों में भारी आक्रोश :-
इस दिल दहला देने वाले हादसे के बाद नैनीताल आने वाले पर्यटकों और स्थानीय निवासियों में भारी डर और प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नैनीताल के रिहायशी और पर्यटन क्षेत्रों में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन प्रशासन इस समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं निकाल रहा है। इस दुखद घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है।

