All India tv news। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली और दुखद खबर सामने आ रही है। जखोली विकासखंड के मरगांव में एक 14 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका कक्षा नौ की छात्रा थी और अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
मीडिया से मिली जानकारी के मुताबिक, अगस्त्यमुनि की रहने वाली यह छात्रा तैला सिलगढ़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। रविवार को उसके नाना-नानी बकरियां चराने और चारा पत्ती लेने के लिए जंगल गए हुए थे, जिसके कारण छात्रा घर पर अकेली थी। करीब 11 बजे जब उसकी नानी घर वापस लौटीं और उन्होंने आवाज लगाई, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। जब नानी ने अंदर जाकर देखा, तो किशोरी का शव फंदे से लटका हुआ था। नानी के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
इस दर्दनाक घटना के पीछे एक चौंकाने वाली बात भी सामने आ रही है। चर्चाएं हैं कि मोबाइल फोन न दिए जाने या मोबाइल को लेकर हुए किसी विवाद के कारण छात्रा ने यह खौफनाक कदम उठाया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
एक हंसती-खेलती मासूम जिंदगी का इस तरह चले जाना समाज और परिवारों के लिए कई बड़े सवाल छोड़ जाता है। आखिर बच्चों के मन में ऐसा क्या चल रहा है कि वे इतने छोटे-छोटे विवादों या मानसिक तनाव में आकर इतना आत्मघाती कदम उठा रहे हैं? पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।

