expr:class='data:blog.pageType' id='mainContent'>

देहरादून के विकासनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, 100 मीटर गहरी खाई में गिरी हिमाचल की बोलेरो; मासूम बच्ची समेत दो की मौत।


उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। यहां गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां हिमाचल प्रदेश नंबर की एक बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में दो साल की एक मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हादसा विकासनगर के हरिपुर-कोटी मार्ग पर कोटी के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह हिमाचल प्रदेश नंबर की यह बोलेरो अपने गंतव्य की ओर जा रही थी, तभी अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त गाड़ी में कुल 8 लोग सवार थे।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण कुछ महिलाएं वाहन के अंदर ही फंस गईं। घटना की सूचना मिलते ही कालसी पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) की टीम और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने खाई में उतरकर वाहन में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने दो वर्षीय मासूम बच्ची सुधिका और दिनेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, इस हादसे में बोलेरो चालक चमन लाल समेत पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों की पहचान डम्बर, नीशा, अभिलाषा और पांच वर्षीय प्रदीप के रूप में हुई है। फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, यह हादसा किन कारणों से हुआ, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.