expr:class='data:blog.pageType' id='mainContent'>

रामनगर में खौफनाक मंजर: चलती बाइक पर बाघ का हमला, पत्नी को जबड़े में दबोचकर ले जा रहा था आदमखोर; पति की बहादुरी से बची जान।

रामनगर (नैनीताल): उत्तराखंड के रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुख्य मार्ग पर चलती बाइक से जा रहे एक दंपती पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। इस हमले में टेड़ा गांव निवासी 50 वर्षीय बबली देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ हमला?
जानकारी के अनुसार, टेड़ा निवासी दर्शन सिंह अपनी पत्नी बबली देवी के साथ बुधवार सुबह बाइक पर सवार होकर मवेशियों के लिए चारा (घास) लेने जा रहे थे। जैसे ही वे कोसी रेंज के लाल मिट्टी पहाड़ी के पास ग्रासलैंड क्षेत्र से गुजरे, झाड़ियों में छिपे एक बाघ ने उनकी चलती बाइक पर छलांग लगा दी। अचानक हुए इस हमले से बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। 
पति ने मौत के मुंह से पत्नी को खींच निकाला :-
सड़क पर गिरते ही बाघ ने बबली देवी को अपने जबड़े में दबोच लिया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले जाने लगा। अपनी पत्नी को बाघ के जबड़े में फंसा देख पति दर्शन सिंह घबराए नहीं। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया और बाघ की ओर दौड़े। शोर सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर भी मौके पर जुट गए और हल्ला मचाने लगे। भारी शोर और भीड़ को अपनी ओर आता देख बाघ घबरा गया और महिला को छोड़कर वापस जंगल की ओर भाग निकला। 
अस्पताल में भर्ती, इलाके में दहशत :-
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल बबली देवी को तत्काल रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनके हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में आई चोटों का इलाज चल रहा है। दिनदहाड़े मुख्य मार्ग पर हुए इस हमले के बाद से आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों में भारी दहशत का माहौल है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.