उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को देहरादून समेत प्रदेश के सात जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। इससे राज्य के तापमान में और गिरावट आने तथा ठंड बढ़ने के आसार हैं।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।
इसके साथ ही 3200 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा।
यानी अगर आप पहाड़ों की यात्रा पर जा रहे हैं, तो गर्म कपड़े जरूर साथ रखें। ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से पहले मौसम का अपडेट जरूर चेक करें।
