उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला टिहरी गढ़वाल के स्वरकोट क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक गुलदार सीधे एक ग्रामीण के घर की रसोई में जा घुसा। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
टिहरी गढ़वाल के स्वरकोट क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक गुलदार रिहायशी इलाके में घुसते हुए सीधे एक घर की रसोई के अंदर जा पहुंचा। घर के भीतर गुलदार को देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए।
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गुलदार घर के अंदर कैद नज़र आ रहा है। बता दें कि पहाड़ी इलाकों में स्थानीय लोग अक्सर गुलदार को 'बाघ' कहकर पुकारते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग भी अलर्ट हो गया है। विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, वन्यजीव दिखाई देने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तुरंत वन विभाग के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1926 पर इसकी जानकारी दें।
लगातार रिहायशी इलाकों में गुलदार की धमक से ग्रामीणों में भारी रोष और डर है। अब बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक पहाड़ के लोग अपने ही घरों में इस तरह दहशत के साये में जीने को मजबूर रहेंगे?
