All India tv news। उत्तराखंड में बोर्ड परीक्षाओं के आगाज के साथ ही नकल माफियाओं और अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वालों पर प्रशासन का डंडा चलना शुरू हो गया है। आज हाईस्कूल के हिंदी विषय की परीक्षा के दौरान राज्य के हरिद्वार जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ चेकिंग के दौरान 8 परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा गया है।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UBSE) की हाईस्कूल की परीक्षाएं सोमवार, 23 फरवरी से शुरू हुई थीं। आज हिंदी के पेपर के दौरान हरिद्वार जिले में उड़न दस्तों और केंद्र व्यवस्थापकों की सतर्कता के चलते बड़ी कार्रवाई हुई।
फर्जीवाड़ा और नकल:- रिपोर्ट्स के मुताबिक, पकड़े गए छात्रों में से कुछ फर्जी एडमिट कार्ड के जरिए परीक्षा दे रहे थे।
अनुपस्थिति का आंकड़ा:- जहाँ एक तरफ 8 नकलची पकड़े गए, वहीं इसी जिले में हिंदी के पेपर में लगभग 3,359 परीक्षार्थी अनुपस्थित भी रहे।
प्रशासनिक सख्ती:- परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती के बावजूद इन छात्रों ने नकल करने का प्रयास किया, जिन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया।
शिक्षा विभाग ने साफ कर दिया है कि नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराना उनकी प्राथमिकता है और पकड़े गए छात्रों के खिलाफ बोर्ड के नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड ने अन्य छात्रों को भी चेतावनी दी है कि वे किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों से दूर रहें।

