All India tv news। उत्तराखंड के चंपावत जिले के टनकपुर क्षेत्र से एक रूह कपा देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ शारदा वन रेंज के सेना पानी मार्ग क्षेत्र में एक जंगली हाथी ने लकड़ी और चारा लेने गई महिला पर अचानक हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
घटना गुरुवार दोपहर की है, जब टनकपुर के नई बस्ती (वार्ड नंबर पांच) की रहने वाली 45 वर्षीय माधुरी देवी, पत्नी भूपराम, अन्य महिलाओं के साथ जंगल में चारा लेने गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीवान चौकी के पास झाड़ियों में छिपे एक हाथी ने अचानक महिलाओं के समूह पर हमला कर दिया। अन्य महिलाओं ने तो भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन माधुरी देवी हाथी की चपेट में आ गईं।
बताया जा रहा है कि हाथी ने महिला को अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर पैरों से कुचल दिया, जिससे माधुरी देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रशासनिक कार्यवाही और मुआवजा:-
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। वहीं, वन विभाग ने पीड़ित परिवार को फौरी राहत के तौर पर 3 लाख रुपये के मुआवजे का चेक सौंपा है।
इलाके में खौफ:-
इस घटना के बाद से शारदा रेंज से सटे इलाकों में जबरदस्त दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं। वन विभाग ने लोगों को अकेले जंगल की ओर न जाने की हिदायत दी है।

