All India tv news। भारत की सड़कों पर हर साल लाखों लोग हादसों का शिकार होते हैं, और अक्सर इलाज में देरी या पैसों की कमी जानलेवा साबित होती है। इसी समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने एक क्रांतिकारी कदम उठाया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने ‘PM RAHAT’ (पीएम राहत) योजना का बिगुल फूंक दिया है।
इस योजना का सीधा मकसद है—सड़क हादसे के शिकार हर व्यक्ति को 'गोल्डन आवर' में बिना किसी खर्च के बेहतरीन इलाज मुहैया कराना।
क्या है पीएम राहत योजना और आपको क्या मिलेगा लाभ?
इस योजना के तहत, अगर किसी व्यक्ति का एक्सीडेंट राष्ट्रीय राजमार्ग, राजकीय मार्ग या शहरी सड़कों पर होता है, तो उसे दुर्घटना की तारीख से अगले 7 दिनों तक ₹1.5 लाख तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। यानी अस्पताल में भर्ती होने के लिए अब आपको अपनी जेब से एक पैसा भी नहीं देना होगा; सारा भुगतान सीधे सरकार अस्पताल को करेगी।
योजना की बड़ी बातें:-
गोल्डन आवर पर फोकस:- हादसे के पहले एक घंटे में त्वरित स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित की जाएगी।
डिजिटल कनेक्टिविटी:- योजना को 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन, eDAR और TMS 2.0 जैसे हाई-टेक प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है।
पुलिस वेरिफिकेशन:- पुलिस प्रमाणीकरण के तुरंत बाद अस्पताल में इलाज की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
भारत में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर को कम करने की दिशा में 'पीएम राहत' योजना एक बड़ा मील का पत्थर साबित होने वाली है। अब कोई भी पीड़ित आर्थिक तंगी की वजह से दम नहीं तोड़ेगा। सरकार का यह कदम आम आदमी के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

