All India tv news। जापान के इचिकावा सिटी ज़ू (Ichikawa City Zoo) से एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने पूरी दुनिया के सोशल मीडिया यूज़र्स का दिल जीत लिया है। यह कहानी है 6 महीने के एक नन्हे मकाक बंदर 'पंच' की, जिसे उसकी मां ने जन्म के तुरंत बाद छोड़ दिया था। आज पंच अकेला नहीं है, उसके पास एक अनोखा साथी है जो उसे मां जैसी ममता और सुरक्षा का अहसास दिलाता है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जापान के चिड़ियाघर में जुलाई 2025 में जन्मे 'पंच' का सफर आसान नहीं रहा। बिना मातृ देखभाल के बड़े हो रहे इस नन्हे बंदर के तनाव को कम करने के लिए चिड़ियाघर के कर्मचारियों ने उसे कुछ मुलायम खिलौने और कंबल दिए। लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि पंच को एक ऑरंगुटान (Orangutan) के पुतले से इतना गहरा लगाव हो जाएगा।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पंच उस खिलौने को अपनी मां की तरह कसकर गले लगाकर सोता है। जब भी उसे डर लगता है या वह असुरक्षित महसूस करता है, वह तुरंत दौड़कर अपने इस 'रुई के साथी' से चिपक जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि शिशु मकाक स्वाभाविक रूप से अपनी मां की गर्माहट और सुरक्षा के लिए उनसे चिपके रहते हैं, और पंच के लिए यह खिलौना ही उसकी पूरी दुनिया बन गया है।
जनवरी के मध्य से चिड़ियाघर प्रशासन ने पंच को अन्य बड़े मकाक बंदरों के समूह के साथ मिलाने की प्रक्रिया शुरू की है ताकि उसका सामाजिक विकास हो सके। हालांकि पंच अब दूसरे छोटे बंदरों के साथ खेलने लगा है, लेकिन नए माहौल और अनजान चेहरों के बीच वह आज भी अपने उसी पुराने खिलौने में भावनात्मक सहारा तलाशता है।

