All India tv news। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास के लिए केंद्र सरकार से मिल रहे निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
उत्तराखंड आगमन का निमंत्रण:- मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को आगामी कार्यक्रमों और राज्य के भ्रमण के लिए उत्तराखंड आने का औपचारिक निमंत्रण दिया। विशेष रूप से अगले माह होने वाले दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री के दौरे की संभावना जताई जा रही है।
विकास परियोजनाओं पर चर्चा:- सीएम धामी ने राज्य में चल रही विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति से प्रधानमंत्री को अवगत कराया।
विशेष उपहार:- मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को भेंट स्वरूप टिहरी स्थित शक्तिपीठ मां सुरकंडा देवी की रेप्लिका, बद्री गाय का घी, और राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों से मंगाई गई पांच प्रकार की राजमा व शहद प्रदान किया।
4 साल की उपलब्धियां:- हाल ही में धामी सरकार के चार साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने पत्र भेजकर राज्य में हो रहे सुशासन और विकास कार्यों की सराहना की थी, जिसके लिए सीएम ने व्यक्तिगत रूप से उनका धन्यवाद किया।
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के विकास के लिए केंद्र की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री का यह दिल्ली दौरा राज्य के भविष्य के रोडमैप और आगामी परियोजनाओं के शिलान्यास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

