All India tv news। उत्तराखंड के रुड़की से राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पुलिस ने शहर के लल्कुर्ती इलाके में छापेमारी कर सेना की वर्दी का प्रतिबंधित कपड़ा बेचने वाले एक शातिर दुकानदार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की दुकान से भारी मात्रा में सैन्य पैटर्न वाला कपड़ा बरामद हुआ है, जिसकी बिक्री पर सख्त पाबंदी है।
रुड़की के लल्कुर्ती स्थित 'गुरुदेव आर्मी स्टोर' पर सोमवार को पुलिस ने उस वक्त हड़कंप मचा दिया जब गोपनीय सूचना के आधार पर वहां छापेमारी की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि इस दुकान पर सेना की वर्दी से मिलता-जुलता कपड़ा अवैध रूप से बेचा जा रहा है।
छापेमारी के दौरान पुलिस की आंखें तब फटी रह गईं, जब दुकान से करीब 400 मीटर सैन्य पैटर्न का कपड़ा बरामद हुआ। आपको बता दें कि यह कपड़ा भारतीय सेना की नई वर्दी के पैटर्न से काफी मिलता-जुलता है और इसकी खुले बाजार में खरीद-बिक्री सुरक्षा कारणों से पूरी तरह प्रतिबंधित है।
गिरफ्तारी और कार्रवाई:-
पुलिस ने मौके से दुकानदार ब्रह्मजोत पुत्र गुरदीप (निवासी लालकुर्ती) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि दुकानदार के पास इस कपड़े को बेचने के लिए कोई वैध अनुमति या दस्तावेज नहीं थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
अधिकारियों का बयान:-
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सैन्य वर्दी के कपड़े का गलत हाथों में जाना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा हो सकता है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दुकानदार यह कपड़ा कहां से लाता था और अब तक किसे-किसे इसकी सप्लाई कर चुका है।

