All India tv news। सल्ट (अल्मोड़ा):
देवभूमि के सल्ट क्षेत्र में हनुमान जन्मोत्सव का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मौलेखल-रामनगर मार्ग स्थित श्री शांताकारम् हनुमत मन्दिर, बसोली में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया। इस दिव्य समारोह का आयोजन डॉ. पुष्कर बिष्ट द्वारा किया गया।
राजस्थान से आई भव्य प्रतिमा:
इस उत्सव का मुख्य आकर्षण मन्दिर परिसर में स्थापित की गई 5 फीट ऊंची पंचमुखी हनुमान जी की दिव्य मूर्ति रही। जानकारी के अनुसार, इस भव्य प्रतिमा को विशेष रूप से राजस्थान से मंगवाया गया । इस भव्य पंचमुखी हनुमान मूर्ति को श्री ब्रह्मानंद छिमवाल, ग्राम मैणाकोट द्वारा उनके स्वर्गीय माता पिता की स्मृति में भेंट किया गया है।इस मुर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना।
सुन्दरकांड और भक्ति संगीत:
हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मन्दिर में सामूहिक सुन्दरकांड का पाठ किया गया। स्थानीय भक्तों और कीर्तन मंडलियों ने बजरंगबली के भजनों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। भक्तों की भारी भीड़ ने हनुमान जी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
विशाल भंडारे का आयोजन:
धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-अर्चना के समापन के बाद मंदिर समिति द्वारा एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बसोली सहित आस-पास के तमाम गांवों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि श्री शांताकारम् हनुमत मन्दिर में इस तरह के आयोजनों से क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है।









