All India tv news। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले से एक दुखद खबर सामने आ रही है। हरिद्वार से नेपाल जा रही एक 'भारत-नेपाल मैत्री' डबल डेकर बस बुधवार को गदरपुर के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 9 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें एक महीने की मासूम बच्ची भी शामिल है।
हादसे का विवरण:-
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा बारिश के बीच बस के अनियंत्रित होने के कारण हुआ। बस हरिद्वार से यात्रियों को लेकर नेपाल की ओर जा रही थी, तभी गदरपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत यह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े।
राहत और बचाव कार्य:-
घटना की सूचना मिलते ही गदरपुर कोतवाली पुलिस और 112 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुँचीं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस की खिड़कियाँ तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायलों की स्थिति:-
कुल 9 यात्री घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें से 6 की हालत गंभीर है।गंभीर रूप से घायल दो नेपाली नागरिकों, जया भूटा (40) और धनश्री (36), को प्राथमिक उपचार के बाद रुद्रपुर के हायर सेंटर रेफर किया गया है। एक महीने की मासूम बच्ची नव्या भी इस हादसे में घायल हुई है।
प्रशासनिक कार्रवाई:-
गदरपुर कोतवाली प्रभारी संजय पाठक ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और अन्य सुरक्षित यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने के लिए वैकल्पिक बस की व्यवस्था की जा रही है। हाईवे से क्षतिग्रस्त बस को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई है ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके।

