All India tv news। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। यहाँ स्कूल जा रहे एक सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य की सरेराह चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी क्लर्क को गिरफ्तार कर लिया है।
मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार, ये घटना बागेश्वर जिले में सामने आई। यहां राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के प्रधानाचार्य की हत्या से सनसनी फैल गई।
प्रधानाचार्य 55 वर्षीय दयानंद टम्टा रोज की तरह सुबह अपने स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे आरोपी क्लर्क नवल किशोर सुराडी ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए। हमले के बाद प्रधानाचार्य लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपी क्लर्क गिरफ्तार, जांच जारी:-
घटना की सूचना मिलते ही बागेश्वर पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी क्लर्क को हिरासत में ले लिया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक, दोनों के बीच पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके। इस वीभत्स घटना के बाद से पूरे शिक्षा विभाग और स्थानीय इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।


