All India tv news। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक शंकालु पति ने चरित्र पर शक के चलते अपनी असिस्टेंट पोस्टमास्टर पत्नी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति सीधे अपनी बेटी के स्कूल पहुंचा। वहां उसने बेटी को नकदी, जेवर और एटीएम कार्ड सौंपे और कहा, "अब कभी घर मत जाना" और वहां से फरार हो गया।
घटना का विवरण :-
मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र की है। मृतका की पहचान सुधा (35) के रूप में हुई है, जो डाकघर में असिस्टेंट पोस्टमास्टर के पद पर तैनात थीं। सुधा अपने पति अवधेश और बच्चों के साथ किराए के मकान में रह रही थीं। बुधवार सुबह दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद अवधेश ने सुधा पर घातक हमला किया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
बेटी के स्कूल पहुंचकर दी जानकारी :-
वारदात के बाद आरोपी अवधेश अपनी बेटी के स्कूल पहुंचा। उसने स्कूल स्टाफ से मिलकर बेटी को बाहर बुलाया। अवधेश ने बेटी को एक बैग सौंपा, जिसमें घर के जेवर, एटीएम कार्ड और कुछ पैसे थे। उसने बेटी को घटना की जानकारी दी और वहां से चला गया। घबराई हुई बेटी ने तुरंत इस बात की सूचना अन्य परिजनों को दी।
पुलिस जांच और आरोपी की तलाश :-
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सदर कोतवाली पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हत्या की वजह पारिवारिक विवाद और आपसी शक सामने आ रहा है। आरोपी पति वारदात के बाद से ही फरार है। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।

