All India tv news। उत्तराखंड के युवाओं का हुनर आज पूरी दुनिया में डंका बजा रहा है। पहाड़ों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और इस बात को एक बार फिर सच साबित कर दिखाया है अल्मोड़ा के एक युवा ने। अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम के पास स्थित काफलीखाना गांव के रहने वाले रवि टम्टा ने अपनी सीमित सुख-सुविधाओं और कम संसाधनों के बावजूद एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है। रवि और उनकी टीम ने ड्रोन तकनीक पर आधारित एक सिंगल-सीटर फ्लाइंग व्हीकल (छोटा हेलीकॉप्टर) 'HAPIDA SKYNeX' का निर्माण किया है और इसका प्रारंभिक परीक्षण भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया ।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से देश को गौरवान्वित करने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। जागेश्वर धाम के निकट काफलीखाना गांव के निवासी रवि टम्टा ने अपनी कड़ी मेहनत और बेहतरीन तकनीकी कौशल से एक छोटा इलेक्ट्रिक हेलीकॉप्टर यानी पर्सनल फ्लाइंग व्हीकल तैयार किया है। रवि टम्टा ने अपने स्टार्टअप 'Hapida Sky Private Limited' के तहत इस 'HAPIDA SKYNeX' नाम के प्रोटोटाइप का सफल परीक्षण किया है।
जब अल्मोड़ा के आसमान में इस स्वदेशी फ्लाइंग व्हीकल ने उड़ान भरी, तो वहां मौजूद ग्रामीणों और तकनीकी एक्सपर्ट्स की आंखें खुली की खुली रह गईं। रवि का सपना भारत में 'निजी हवाई परिवहन' को बढ़ावा देना है, ताकि आने वाले समय में आम लोगों का सफर ट्रैफिक से मुक्त और बेहद आसान हो सके।
आपको बता दें कि रवि टम्टा बचपन से ही नए-नए आविष्कारों में रुचि रखते हैं। इससे पहले भी वे इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग सिस्टम, मोबाइल चार्जिंग शूज और जंगलों की आग बुझाने वाली मशीन जैसे कई इनोवेशंस पर काम कर सुर्खियां बटोर चुके हैं।
चुनौतियां और भविष्य की उम्मीदें :-
कम संसाधनों में तैयार किए गए इस उड़ने वाले वाहन की सोशल मीडिया से लेकर देश-प्रदेश में जमकर सराहना हो रही है। हालांकि, इस तकनीक को पूरी तरह कमर्शियल उपयोग में लाने के लिए अभी कई कड़े तकनीकी परीक्षणों और सरकारी व उड्डयन संबंधी नियामकीय स्वीकृतियों (Regulatory Approvals) से गुजरना होगा। यदि यह प्रोजेक्ट सभी चरणों में सफल रहता है, तो यह भारत के परिवहन क्षेत्र के लिए एक क्रांतिकारी मील का पत्थर साबित होगा।
"पहाड़ के इस होनहार बेटे ने यह साबित कर दिया है कि अगर मन में कुछ करने का जज्बा हो, तो आसमान की ऊंचाइयों को भी छुआ जा सकता है। हमारे पूरे न्यूज़ चैनल की टीम की तरफ से रवि टम्टा और उनकी टीम को इस ऐतिहासिक कामयाबी के लिए ढेरों शुभकामनाएं।

