expr:class='data:blog.pageType' id='mainContent'>

IMA देहरादून में ट्रेनिंग के दौरान झज्जर के कैडेट निशांत धनखड़ का निधन, सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई।


All India tv news। उत्तराखंड के देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी यानी IMA से एक बेहद ही दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। भारतीय सेना में लेफ़्टिनेंट बनकर देश की सेवा करने का सपना देखने वाले हरियाणा के एक होनहार कैडेट निशांत धनखड़ का सैन्य प्रशिक्षण के दौरान निधन हो गया है।
बताया जा रहा है कि ट्रेनिंग के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। रविवार को उनके पैतृक गांव में नम आंखों से पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
हरियाणा के झज्जर जिले का कासनी गांव आज गहरे शोक में डूबा हुआ है। इसी गांव के रहने वाले जांबाज कैडेट निशांत धनखड़ अब हमारे बीच नहीं रहे। निशांत भारतीय सेना में अधिकारी बनने की तैयारी कर रहे थे और इसी साल 10 जुलाई को वे ट्रेनिंग के लिए देहरादून स्थित IMA पहुंचे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते 9 अगस्त को एक रूटीन दौड़ के दौरान अचानक निशांत की तबीयत बिगड़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तुरंत दिल्ली स्थित सेना के आरआर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद, शनिवार शाम को इलाज के दौरान निशांत ने अंतिम सांस ली।
निशांत का परिवार एक गौरवशाली सैन्य पृष्ठभूमि से वास्ता रखता है। उनके पिता के निधन के बाद पूरे परिवार और क्षेत्र को निशांत से बड़ी उम्मीदें थीं। उनकी बहन अंशिता धनखड़ भी भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर तैनात हैं।
रविवार को जब निशांत का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव कासनी पहुंचा, तो माहौल बेहद गमगीन हो गया। अंतिम विदाई में स्थानीय विधायक कुलदीप वत्स, प्रशासनिक अधिकारी, पूर्व सैनिक और हजारों की संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। सेना की टुकड़ी ने बिगुल की धुन और 'गार्ड ऑफ ऑनर' देकर अपने इस वीर साथी को अंतिम सलामी दी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.