expr:class='data:blog.pageType' id='mainContent'>

बागेश्वर जिला अस्पताल के क्लर्क मोहित मेहरा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गोमती नदी में मिला शव; अगले महीने होनी थी शादी।


All India tv news। बागेश्वर (उत्तराखंड):
बागेश्वर जिला अस्पताल में क्लर्क के पद पर कार्यरत 30 वर्षीय मोहित मेहरा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने मंगलवार सुबह द्यांगण गांव में सेंट जोसेफ स्कूल के पास गोमती नदी से मोहित का शव और उनकी क्षतिग्रस्त स्कूटी बरामद की है। 
 मीडिया से मिली जानकारी के मुताबिक मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के रानीखेत (अरोड़) के रहने वाले मोहित बागेश्वर के अदौली गांव में किराए का कमरा लेकर रहते थे और सोमवार शाम से लापता चल रहे थे। इस हादसे से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है, क्योंकि आगामी नवंबर महीने में मोहित की शादी तय थी। खुशियों वाले घर में अचानक मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 
हादसा या साजिश? पुलिस जांच में जुटी :-
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस इसे एक सड़क दुर्घटना मानकर चल रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि मोहित स्कूटी चलाते समय फोन पर बात कर रहे थे, जिसके कारण उनका नियंत्रण खो गया और स्कूटी सीधे नदी में जा गिरी। हालांकि, पुलिस क्षेत्राधिकारी अजय साह ने बताया कि वास्तविक परिस्थितियों की जांच की जा रही है। 
परिजनों ने उठाए सवाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी निगाहें :-
दूसरी ओर, घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने इसे सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार किया है। परिजनों ने मामले में गहरी साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मौत की असली वजह का खुलासा हो सकेगा। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.