🔴 ALL INDIA TV NEWS
सल्ट में भीषण सड़क हादसा: बस की टक्कर से 23 वर्षीय युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल।
मर्चुला–रामनगर हाईवे पर दुर्गा देवी गेट के पास हादसा; बाइक सवार को कुचलते हुए निकला बस का टायर, पुलिस ने शुरू की जांच।
सल्ट, अल्मोड़ा | उत्तराखंड
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में मर्चुला–रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दुर्गा देवी गेट के पास गढ़वाल मोटर्स की बस और बाइक की टक्कर में 23 वर्षीय युवक गौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठे 35 वर्षीय पुष्कर घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
पीछे से बस ने बाइक को मारी टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अजोली से रामनगर की ओर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान रसियामहादेव की ओर से रामनगर जा रही गढ़वाल मोटर्स की बस संख्या UK12-PB-0341 ने दुर्गा देवी गेट के पास उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सड़क पर गिर गई। बाइक पर पीछे बैठे पुष्कर छिटककर सड़क किनारे जा गिरे, जबकि बाइक चला रहे गौरव सड़क के बीचोंबीच गिर गए और बस के टायर की चपेट में आ गए। हादसे में गौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुष्कर घायल हो गए।
मृतक के परिजनों को दी गई सूचना
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी है। सूचना मिलने के बाद परिजन दिल्ली से अपने गांव के लिए रवाना हो गए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है। हादसे के कारणों और अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।



