All India tv news। हल्द्वानी: त्योहारी सीजन के आते ही मिलावटखोरों और लापरवाही बरतने वाले दुकानदारों के खिलाफ प्रशासन ने कमर कस ली है। हल्द्वानी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावटखोरी और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए एक बड़ा छापामार अभियान चलाया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस कार्रवाई के दौरान अंबेडकर नगर और ऊंचापुल क्षेत्र में भारी अनियमितताएं और गंदगी पाई गई, जिसके बाद विभाग ने सख्त चालानी कार्रवाई की है।
गंदगी के बीच बन रहे थे बताशे, नहीं मिला लाइसेंस :-
एसडीएम मोनिका के नेतृत्व में टीम ने अंबेडकर नगर स्थित प्रभात जायसवाल के गोदाम पर औचक छापेमारी की। इस दौरान गोदाम के भीतर का नजारा बेहद चौंकाने वाला था; चारों तरफ पसरी भारी गंदगी के बीच खुले में बताशे और मिश्री बनाई जा रही थी। इतना ही नहीं, जब अधिकारियों ने गोदाम संचालक से खाद्य लाइसेंस मांगा, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इस घोर लापरवाही पर टीम ने तुरंत चालान काटा।
अजय स्वीट्स के गोदाम में मिली बासी मिठाइयाँ :-
इसके बाद टीम का अगला ठिकाना ऊंचापुल स्थित 'अजय स्वीट्स' का गोदाम बना। यहाँ भी स्वच्छता के नियमों की जमकर धज्जियाँ उड़ाई जा रही थीं। जाँच के दौरान गोदाम से भारी मात्रा में बासी और दूषित मिठाइयाँ बरामद हुईं। विभाग ने गंदगी और बासी खाद्य पदार्थों के भंडारण के आरोप में प्रतिष्ठान का भारी-भरकम चालान किया और सख्त हिदायत दी।
97 नमूनों की हुई ऑन-द-स्पॉट जाँच :-
उपायुक्त वीरेंद्र सिंह बिष्ट और नोडल अधिकारी अजब सिंह रावत के नेतृत्व में चली इस मुहिम में कालाढूंगी, बैलपड़ाव, हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र और मंगल पड़ाव में भी दूध, मावा, मिठाई और पनीर के नमूनों की सघन जाँच की गई। अधिकारियों ने आधुनिक 'मोबाइल फूड सेफ्टी लैब' का इस्तेमाल करते हुए मौके पर ही कुल 97 नमूनों का परीक्षण किया, जो प्राथमिक जाँच में सही पाए गए।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई :-
खाद्य सुरक्षा विभाग के उपायुक्त वीरेंद्र सिंह बिष्ट ने साफ किया है कि जनता की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बुधवार को भी यह विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेगा। प्रशासन ने सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि वे स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करें और अपने लाइसेंस संबंधी दस्तावेज़ दुरुस्त रखें, अन्यथा और भी सख्त कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।