expr:class='data:blog.pageType' id='mainContent'>

पहाड़ में एक दीवाली अभी बाकी है: 20 नवंबर को मनाई जाएगी 'इगास बग्वाल', भैलो और लोकगीतों से गूंजेगी देवभूमि।



 देशभर में भले ही दीवाली का त्योहार बीत चुका हो, लेकिन देवभूमि उत्तराखंड के पहाड़ों में एक दीवाली अभी बाकी है। कार्तिक शुक्ल एकादशी यानी दीवाली के ठीक 11 दिन बाद उत्तराखंड में पारंपरिक लोकपर्व 'इगास' मनाया जाता है। इस साल यह खास पर्व शुक्रवार, 20 नवंबर को मनाया जा रहा है। आइए जानते हैं क्या है पहाड़ की इस 'बूढ़ी दीवाली' की खासियत और इससे जुड़ी अनोखी लोककथाएं।
पहाड़ों में फिर जलेगी खुशियों की लौ :-
उत्तराखंड, विशेष रूप से गढ़वाल क्षेत्र में 'इगास' को 'इगास बग्वाल' और 'बूढ़ी दीवाली' के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन घरों की देहरी एक बार फिर मिट्टी के दीयों से जगमगा उठती है। शाम होते ही गाँव के लोग एक जगह इकट्ठा होते हैं और पारंपरिक पारंपरिक वाद्ययंत्रों—ढोल-दमाऊ की थाप पर झुमैलो और चांछरी जैसे लोकगीत व नृत्य शुरू हो जाते हैं। 
क्या है 'भैलो' खेलने की परंपरा?
इगास की रात का सबसे बड़ा आकर्षण 'भैलो' होता है। इसमें चीड़ की राल वाली सूखी लकड़ियों (छिल्ले) को रस्सी से बांधकर मशाल तैयार की जाती है। रात के अंधेरे में ग्रामीण इसे जलाकर अपने सिर के ऊपर गोल-गोल घुमाते हैं, जो अंधकार पर प्रकाश की विजय और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है। इसके साथ ही घरों में स्वांले, पकोड़े और खीर जैसे पारंपरिक पहाड़ी पकवान बनते हैं और गौवंश की विशेष पूजा की जाती है।
11 दिन बाद दीवाली मनाने के पीछे दो प्रचलित कथाएं
पहाड़ के अलग-अलग इलाकों में इस त्योहार को लेकर दो प्रमुख लोकमान्यताएं प्रचलित हैं: 
  • भगवान राम के लौटने की सूचना: पहली मान्यता के अनुसार, जब भगवान श्रीराम 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटे, तो दुर्गम पहाड़ी रास्तों और संचार के साधनों की कमी के कारण उत्तराखंड के गांवों तक यह खुशखबरी 11 दिन देर से पहुंची। इसी खुशी में पहाड़वासियों ने 11 दिन बाद दीवाली मनाई। 
  • वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की विजय: दूसरी ऐतिहासिक कथा गढ़वाल के महान सेनापति माधो सिंह भंडारी से जुड़ी है। कहा जाता है कि वे तिब्बत युद्ध में गए थे और दीवाली तक वापस नहीं लौटे, जिससे पूरे क्षेत्र में दीवाली नहीं मनाई गई। जब वे दीवाली के 11 दिन बाद विजयी होकर लौटे, तो राजा और प्रजा ने दीये जलाकर उत्सव मनाया, जो आगे चलकर इगास बग्वाल बन गया। 
प्रवासियों के लिए जड़ों से जुड़ने का दिन :-
आज जो उत्तराखंडी रोजगार या पढ़ाई के सिलसिले में दिल्ली, मुंबई या सात समंदर पार परदेस में रह रहे हैं, उनके लिए इगास अपनी मिट्टी और संस्कृति को याद करने का दिन होता है। राज्य में इस लोकपर्व को सहेजने के लिए इस वर्ष भी सरकार और विभिन्न सांस्कृतिक संस्थाओं द्वारा भव्य आयोजन किए जा रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.