expr:class='data:blog.pageType' id='mainContent'>

हरिद्वार के लक्सर में भीषण सड़क हादसा: गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, 200 मीटर तक घसीटा; SSI समेत चार पुलिसकर्मी घायल।


लक्सर (हरिद्वार): उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। यहाँ रात के समय गश्त पर तैनात पुलिस की डायल-112 गाड़ी को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रक पुलिस की गाड़ी को सड़क पर करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस दुर्घटना में लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक (SSI) राजेश बिष्ट समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। 
कैसे हुआ हादसा?
मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार रात करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच लक्सर कोतवाली क्षेत्र के बालावाली तिराहे के पास हुई। पुलिस की डायल-112 स्कॉर्पियो गाड़ी सड़क किनारे ड्यूटी पर खड़ी थी। इसी दौरान पुरकाजी की तरफ से लक्सर होते हुए रायसी की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने अपना नियंत्रण खो दिया और पुलिस के वाहन को पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। 
गाड़ी के उड़े परखच्चे, ग्रामीणों ने बचाई जान :-
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके शीशे टूटकर सड़क पर बिखर गए। गाड़ी के साथ 200 मीटर तक घिसटने के कारण वाहन में सवार पुलिसकर्मी अंदर ही फंस गए। धमाके की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग व राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर की मदद से ट्रक और पुलिस की गाड़ी को अलग किया और कड़ी मशक्कत के बाद घायल पुलिसकर्मियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुँचाया। 
घायल पुलिसकर्मियों की स्थिति और पुलिस कार्रवाई :-
इस हादसे में एसएसआई राजेश बिष्ट के अलावा पुलिसकर्मी प्रदीप धीमान, कपिल गोला और मनोज मीनान घायल हुए हैं। एसएसआई राजेश बिष्ट के पैर में गंभीर चोट आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है, जबकि अन्य तीन पुलिसकर्मियों का लक्सर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोशियारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और ट्रक में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.