All India tv news। देहरादून: पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच उत्तराखंड में ईंधन की उपलब्धता को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। इसी क्रम में पर्वतीय पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने एक आपात बैठक बुलाई, जिसमें वर्तमान परिस्थितियों और आपूर्ति व्यवस्था का गहन मंथन किया गया।
बैठक के मुख्य बिंदु:-
आपूर्ति पूरी तरह सामान्य:- ऑल इंडिया पेट्रोलियम एसोसिएशन के सचिव गोपाल कृष्ण अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में डीलर्स ने साफ किया कि राज्य में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। डिपो से आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है।
अफवाहों पर ध्यान न दें:- बैठक में चर्चा हुई कि वैश्विक तनाव के कारण जनता के बीच तेल की कमी को लेकर भ्रम फैल सकता है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में स्टॉक पर्याप्त है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
उपभोक्ताओं से अपील:- डीलर्स ने आम जनता से आग्रह किया है कि वे केवल अपनी जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें। अनावश्यक रूप से वाहनों में तेल भरवाने या स्टॉक करने से बचें, ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
भुगतान और प्रबंधन:- बैठक में डीलर्स की विभिन्न समस्याओं और भुगतान संबंधी मांगों पर भी चर्चा की गई, ताकि संकट की स्थिति में भी सेवाओं में कोई बाधा न आए।
पर्वतीय पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने भरोसा दिलाया है कि वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन और तेल कंपनियों के साथ समन्वय बिठाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उत्तराखंड के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में ईंधन की सप्लाई चेन प्रभावित न हो।

