All India tv news। उत्तराखंड में जमीन के फर्जीवाड़े का एक ऐसा 'गजब' मामला सामने आया है जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में एक शातिर दंपति ने आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए एक ही जमीन को दो अलग-अलग खरीदारों को बेच दिया। जब पीड़ितों को इस धोखाधड़ी की भनक लगी, तो उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
मुख्य विवरण:-
फर्जीवाड़े का स्थान:- यह मामला देहरादून के बालावाला क्षेत्र का है।
आरोपी दंपति:- पुलिस ने मधुसूदन डबराल और उनकी पत्नी विजय लक्ष्मी डबराल के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
कैसे हुआ खेल:-
पीड़ितों (विजय भूटानी और जसविंदर सिंह) ने साल 1997 में मधुसूदन डबराल से बालावाला में 1800-1800 वर्ग फीट के दो प्लॉट खरीदे थे।
रजिस्ट्री के बाद जब पीड़ित दिल्ली चले गए, तो पीछे से आरोपी की पत्नी विजय लक्ष्मी ने साल 2012 और 2020 में वही जमीन टिहरी निवासी सोहन सिंह और सुमन लता को दोबारा बेच दी।
धमकी और दबंगई:- पीड़ितों ने जब दाखिल-खारिज की कोशिश की तो उन्हें इस जालसाजी का पता चला। कोर्ट से स्टे मिलने के बावजूद जब वे अपने प्लॉट पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।
पुलिस की कार्रवाई:-
रायपुर थाना पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। एसओ रायपुर गिरीश नेगी के अनुसार, आरोपियों की तलाश और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
सावधान रहें:-
अगर आप भी उत्तराखंड में जमीन खरीदने की सोच रहे हैं, तो रजिस्ट्री से पहले तहसील के रिकॉर्ड (खतौनी) और दाखिल-खारिज की स्थिति की पूरी तरह जांच जरूर कर लें।

