All India tv news। धर्मनगरी हरिद्वार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहाँ रविवार की सुबह खुशियाँ मातम में बदल गईं। गंगा स्नान के दौरान गाजियाबाद से आए दो दोस्त तेज बहाव की चपेट में आ गए और डूबने से उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
मीडिया से मिली जानकारी के मुताबिक घटना हरिद्वार के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित दूधिया बंध की है। पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद से दोस्तों का एक समूह हरिद्वार घूमने आया था। रविवार सुबह जब सभी दोस्त गंगा में स्नान कर रहे थे, तभी अचानक दो युवक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते ओझल हो गए।
वहाँ मौजूद लोगों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय पुलिस और जल पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। जल पुलिस के गोताखोरों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब सवा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।
मृतकों की पहचान:-
पुलिस ने मृतकों की पहचान बृजेश कुमार त्रिपाठी (उम्र 43 वर्ष) व सचिन त्यागी (उम्र 39 वर्ष) गाजियाबाद निवासी के रूप में की है।
दोनों आपस में गहरे दोस्त थे और वीकेंड मनाने हरिद्वार आए थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
सावधानी की अपील:-
प्रशासन ने एक बार फिर श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा का जलस्तर और बहाव कहीं-कहीं बहुत अधिक है, इसलिए केवल निर्धारित घाटों और जंजीरों को पकड़कर ही स्नान करें।

