All India tv news। रामनगर (नैनीताल): उत्तराखंड के रामनगर में पुलिस ने एक होम स्टे पर बड़ी छापेमारी करते हुए अनैतिक गतिविधियों का भंडाफोड़ किया है। भाजपा नेता मदन जोशी की सूचना पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस को होम स्टे के भीतर स्कूली छात्र-छात्राओं के दो जोड़े आपत्तिजनक स्थिति में मिले।
बिना आईडी और दस्तावेज के चल रहा था खेल :-
कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी में पाया गया कि होम स्टे संचालक परवेज आलम बिना किसी वैध दस्तावेज, रजिस्टर या पहचान पत्र (ID) जांच के नाबालिगों को कमरे उपलब्ध करवा रहा था। पुलिस ने मौके पर कोई भी रिकॉर्ड न मिलने के कारण होम स्टे को तुरंत सील कर दिया है और संचालक को हिरासत में ले लिया है।
चारों छात्र-छात्राएं नाबालिग, पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज :-
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए चारों छात्र-छात्राएं नगर के ही एक अर्द्धसरकारी स्कूल के विद्यार्थी हैं। इनमें दोनों लड़के कक्षा 10वीं और दोनों लड़कियां 11वीं की छात्राएं हैं। पुलिस ने दोनों लड़कों के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत यौन शोषण और उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, छात्राओं को काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
स्कूल ड्रेस में ही पहुँचे थे छात्र?
घटना स्कूल की छुट्टी के समय की बताई जा रही है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या ये छात्र उस दिन स्कूल गए थे या स्कूल बंक करके सीधे होम स्टे पहुँचे थे।
भाजपा नेता ने उठाए सवाल :-
कार्रवाई की शुरुआत करने वाले भाजपा नेता मदन जोशी ने आरोप लगाया कि रामनगर के कई होटलों और होम स्टे में नियमों को ताक पर रखकर नाबालिगों को कमरे दिए जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे अनैतिक कार्यों को बढ़ावा देने वाले संचालकों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि देवभूमि की मर्यादा बनी रहे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनैतिक कार्यों में संलिप्त किसी भी होटल या होम स्टे संचालक को बख्शा नहीं जाएगा।

