All India tv news। देहरादून से इस वक्त की बड़ी खबर! उत्तराखंड के सरकारी और निजी स्कूलों में अब छात्र और शिक्षक मनमाने ढंग से मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। शिक्षा महानिदेशक दीप्ति सिंह ने बुधवार को स्कूलों में मोबाइल के संतुलित और जिम्मेदार उपयोग के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
मुख्य बिंदु :-
स्वास्थ्य विभाग की सलाह पर नियम:- ये नए मानक स्वास्थ्य विभाग के परामर्श से तैयार किए गए हैं, ताकि बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर मोबाइल के दुष्प्रभावों को कम किया जा सके।
डिजिटल अनुशासन पर जोर:- गाइडलाइंस का मुख्य उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और यहां तक कि अभिभावकों के बीच 'डिजिटल अनुशासन' को बढ़ावा देना है।
शिक्षकों पर भी सख्ती:- कक्षाओं में पढ़ाई के दौरान शिक्षकों द्वारा मोबाइल के अनावश्यक उपयोग पर रोक लगाई गई है। केवल डिजिटल लर्निंग या शैक्षणिक कार्यों के लिए ही सीमित उपयोग की अनुमति होगी।
अभिभावकों की भूमिका:- नीति में अभिभावकों से भी अपेक्षा की गई है कि वे घर पर बच्चों के स्क्रीन टाइम को नियंत्रित करें और 'नो-फोन ज़ोन' विकसित करें।
विस्तृत जानकारी:-
शिक्षा विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि स्कूल समय के दौरान मोबाइल के उपयोग से शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है। हाल ही में नैनीताल जैसे जिलों में भी शिक्षकों के मोबाइल दुरुपयोग पर सख्त रुख अपनाया गया है। नई गाइडलाइंस के तहत, स्कूलों को अब 'डिजिटल वेल-बीइंग' को अपनी नीति का हिस्सा बनाना होगा।

