All India tv news। उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए एक बहुत ही बड़ी और राहतभरी खबर सामने आ रही है। रेलवे ने कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र को आपस में सीधे जोड़ने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। 5 अगस्त 2026 से रामनगर और देहरादून के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित संचालन शुरू होने जा रहा है। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है। आइए आपको बताते हैं इस नई ट्रेन का पूरा शेड्यूल, समय और रूट।
उत्तराखंड के दो प्रमुख मंडलों, कुमाऊं और गढ़वाल के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित करने की जनता की सालों पुरानी मांग अब पूरी हो गई है। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने रेल यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए रामनगर-देहरादून द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस के नियमित संचालन की समय-सारणी जारी कर दी है।
इस नई रेल सेवा के शुरू होने से नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, मुरादाबाद, बिजनौर, हरिद्वार और देहरादून जिलों के व्यापारियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और पर्यटकों को भारी राहत मिलेगी। अब तक लोगों को इस रूट पर सीधी ट्रेन न होने के कारण बसों या निजी वाहनों से लंबा और थकाऊ सफर तय करना पड़ता था।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस ट्रेन में आधुनिक एलएचबी कोच लगाए गए हैं जो सफर को सुरक्षित और आरामदायक बनाएंगे। वहीं, काठगोदाम-देहरादून एक्सप्रेस के दिनों में हुए बदलाव की नई समय-सारणी भी यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।


