All India tv news। इस वक्त की एक बहुत बड़ी और दर्दनाक खबर मध्य प्रदेश के जबलपुर से आ रही है। जबलपुर के रिछाई इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित मशहूर पारले-जी बिस्किट फैक्ट्री में सोमवार दोपहर अचानक एक भयानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते करोड़ों की मशीनें और फैक्ट्री का एक बड़ा हिस्सा जलकर स्वाहा हो गया। इस भीषण अग्निकांड में लगभग 20 करोड़ रुपये से ज्यादा के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रिछाई औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच पारले-जी फैक्ट्री के पैकिंग एरिया में अचानक आग धधक उठी। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह केबल वायर में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
आग की लपटें इतनी ऊंची और विकराल थीं कि पूरा इलाका काले धुएं के गुबार से ढक गया। स्थानीय प्रशासन ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए नगर निगम के साथ-साथ रक्षा संस्थानों जैसे ऑर्डनेंस फैक्ट्री खमरिया (OFK), वाहन निर्माणी जबलपुर (VFJ), जीसीएफ, कैंटोनमेंट बोर्ड और आसपास के नगर परिषदों से भी दमकल गाड़ियां बुलाईं। आग बुझाने के लिए 120 से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियों और पानी के टैंकरों का इस्तेमाल किया गया, फिर भी घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद भी गोदाम वाले हिस्से में आग पर पूरी तरह काबू पाना बेहद मुश्किल साबित हो रहा था।
सुरक्षा और राहत-बचाव कार्य को गति देने के लिए पुलिस बल के साथ एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने भी मौके पर मोर्चा संभाला।
फैक्ट्री डायरेक्टर का बयान:-
मामले पर जानकारी देते हुए पारले-जी फैक्ट्री के डायरेक्टर रामगोपाल अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि गनीमत रही कि घटना के दिन नवरात्रि की अष्टमी का त्योहार था। त्योहार के चलते फैक्ट्री में कर्मचारियों की संख्या बेहद कम थी, वरना एक बहुत बड़ी जनहानि हो सकती थी। हालांकि, उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि आग की इस वीभत्स चपेट में आने के कारण गोदाम में रखा 1,000 टन से भी अधिक तैयार बिस्किट का स्टॉक और पैकिंग मटेरियल पूरी तरह जलकर खाक हो चुका है।
इस दर्दनाक हादसे की विस्तृत जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) की टीम भी जांच में जुट गई है ताकि आग लगने के सही कारणों का सटीक पता लगाया जा सके।
