All India tv news। उत्तराखंड ने अपना 26वां स्थापना दिवस बड़े धूमधाम से मनाया। गैरसैंण में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की जनता के लिए 11 बड़ी घोषणाएं कीं। इन घोषणाओं से 4 लाख महिलाओं और अतिथि शिक्षकों को सीधा लाभ मिलेगा।
आइए जानते हैं, सीएम धामी ने क्या-क्या प्रमुख घोषणाएं कीं।
1. मानदेय में वृद्धि - आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा कार्यकत्रियों और भोजन माताओं के मानदेय में 1 दिसंबर 2026 से वृद्धि होगी।
2. लखपति दीदियों को तोहफा - लखपति दीदियों को व्यवसाय विस्तार और नए स्वरोजगार कार्यों के लिए दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
3. वन्यजीव हमले में मदद - वन्यजीवों के हमले में घायलों को वर्तमान सहायता के अतिरिक्त प्लास्टिक सर्जरी जैसे महंगे उपचार के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता दी जाएगी।
4. डिजिटल लाइब्रेरी - प्रत्येक जनपद में जिला मुख्यालय से अलग नगरपालिका क्षेत्रों में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी एवं वाचनालय स्थापित किए जाएंगे।
5. हर गांव को पावर ग्रिड - अन्य माध्यमों से विद्युत आपूर्ति वाले सभी राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ा जाएगा।
6. प्रवासियों के लिए सरल प्रक्रिया - प्रदेश में निवेश के इच्छुक प्रवासियों के लिए भूमि खरीद प्रक्रिया सरल बनाई जाएगी।
7. अपुणि सरकार पोर्टल - बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को घर बैठे सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने को 'अपुणि सरकार' पोर्टल की व्यवस्था और अधिक सरल एवं प्रभावी बनाई जाएगी।
8. बिजली बिल में राहत - छोटे किसानों, उपभोक्ताओं के बिजली बिलों के विलंबित भुगतान पर सरचार्ज माफ किया जाएगा।
9. गौरव सम्मान - लोकसंस्कृति एवं लोकभाषाओं के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए स्व. गोपाल बाबू गोस्वामी एवं स्व. चन्द्र सिंह राही को उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा।
10. अतिथि शिक्षकों का मानदेय - प्रदेश के अतिथि शिक्षकों के मानदेय में शीघ्र वृद्धि की जाएगी।
11. आंदोलनकारियों के लिए कैबिनेट समिति - राज्य आंदोलनकारियों की मांगों के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित की जाएगी। समिति चिह्नीकरण नियमों में छूट, दोहरी पेंशन तथा आश्रितों को प्रमाणपत्र देने संबंधी विषयों पर संस्तुति देगी। वर्ष 2013-14 में नियुक्त आंदोलनकारियों के अधिनियम के दायरे में आने वाले मामलों पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सीएम धामी की इन 11 घोषणाओं को चुनाव से पहले का बड़ा मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है। खासकर महिलाओं, अतिथि शिक्षकों और आंदोलनकारियों के लिए यह बड़ी राहत है।
