देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को शासकीय आवास परिसर (मुख्य सेवक सदन) में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान लोक सेवा आयोग (UKPSC) से चयनित 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। खास बात यह रही कि इस चयन सूची में प्रदेश की 13 बेटियों ने भी अपनी जगह बनाई है।
मुख्यमंत्री धामी ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू करने और भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने का ही नतीजा है कि आज युवाओं को बिना किसी भेदभाव के केवल अपनी योग्यता और मेहनत के दम पर आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है।
सरकार के आंकड़ों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। उन्होंने दोहराया कि सरकार का संकल्प सभी रिक्त पदों को पूरी पारदर्शिता के साथ भरना और युवाओं को 'बिना पर्ची, बिना खर्ची' रोजगार उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने नए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे राजस्व से जुड़े मामलों जैसे नामांतरण और सीमांकन का समयबद्ध निस्तारण करें ताकि आम जनता और किसानों को तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें।
