All india tv news। अल्मोड़ा जिले के अंतर्गत सल्ट ब्लॉक में यहां के जालिखान निवासियों के द्वारा जिलाधिकारी अल्मोड़ा को प्राथमिक स्वास्थ केंद्र देवायल में चिकित्सकों की लापरवाही से हुई नवजात की मृत्यु के संबंध में ज्ञापन दिया गया है।
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि 31 जनवरी को चम्पा देवी पत्नी श्री आलम सिंह, ग्राम खदेरा गांव, पोस्ट बांगीधार को प्रसव पीड़ा होने पर नजदीक के प्राथमिक स्वास्थ केंद्र देवायल ले जाया गया। उनके साथ वहां की आशा कार्यकर्ता भी गई थी। वहां पहुँचने पर बिना किसी चिकित्सक की देखरेख में केवल नर्स के द्वारा ही सुरक्षित और सामान्य प्रसव कराया गया। किंतु प्रसव के तीन घण्टे बाद ही नवजात शिशु की मृत्यु हो गई।चम्पा देवी व उसके परिजनों का कहना है कि चिकित्सकों के समय पर ना पहुँचने की वजह से ही नवजात की मृत्यु हुई है। उन्होंने जिलाधिकारी महोदय से इस संबंध में उचित कार्यवाही करने की अपील की है। ताकि दोबारा से ऐसे किसी भी नवजात को अपने जीवन से महरूम ना होना पड़े। ज्ञापन देने वाले लोगों में आलम सिंह, विनोद ध्यानी , सूरज रावत, जगत सिंह, शंकर राम (प्रधान बरहलिया), राजेंद्र बिष्ट, महिपाल सिंह (प्रधान प्रतिनिधी खदेरागांव) आदि शामिल रहे।
Follow us on 👇

