All India tv news। पिथौरागढ़ मार्ग पर तहसील मुख्यालय के पास लगभग छह किमी दूरी पर स्थित कोठेरा गांव के एक ढाई वर्षीय मासूम को गुलदार उठा ले गया। मासूम घायल अवस्था में अपने घर से लगभग आधा किमी दूर पाया गया लेकिन अस्पताल ले जाते समय ही उसने दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में आतंक फैला हुआ है। मासूम के परिजनों व ग्रामीणों ने सरकार से गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।
यह घटना पिथौरागढ़ मार्ग पर तहसील मुख्यालय के पास स्थित गांव कोठेरा में घटी है। यहां अपने ननिहाल के आंगन में खेल रहे 2 वर्ष 3 माह के मासूम अंशु, पुत्र नेत्रपाल ऊर्फ सुरेश पर सोमवार शाम चार बजे के करीब गुलदार ने हमला कर दिया।
मासूम अंशु पिछले डेढ़ साल से अपनी माँ के साथ कोठेरा स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। सोमवार शाम को जब वह घर के आंगन में खेल रहा था तभी अचानक गुलदार ने उस पर हमला कर दिया और उसे जंगल की तरफ ले गया। अंशु के दिखाई ना देने और आंगन में खून देखने पर मासूम के परिजनों ने उसे ढूँढना शुरू किया। गांव के युवा निखिल, गिरीश, सुनील, अभिषेक जंगल की तरफ भागे जहां घर से लगभग आधा किमी दूर जंगल में मासूम घायल अवस्था में मिला। उसकी सांसें चल रही थी। वे लोग उसी समय बच्चे को निजी वाहन से स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डाॅ. मयंक पहावा ने बालक को मृत घोषित कर दिया।
बच्चे के सिर और गले में गुलदार ने गहरे घाव किए थे। घटना की सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी मनोज सनवाल के नेतृत्व में वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच है। वन क्षेत्राधिकारी के अनुसार गुलदार को पकड़ने के लिए क्षेत्र में मंगलवार को पिंजरा लगाने के साथ ही वन विभाग की टीम लगातार गश्त पर रहेगी।
Follow us on👇

