All India tv news। भारत निर्वाचन आयोग के 76वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 25 जनवरी, 2026 को आयोजित 16वें राज्य स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम में, उत्कृष्ट चुनावी प्रथाओं के लिए जनपद रुद्रप्रयाग को प्रतिष्ठित 'स्टेट बेस्ट इलेक्ट्रोरल प्रैक्टिसेज अवॉर्ड–2026' से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान प्री-एसआईआर के दौरान मतदाताओं की प्रभावी और तकनीकी रूप से सुदृढ़ मैपिंग सुनिश्चित करने के लिए प्रदान किया गया।
देहरादून स्थित लोकभवन ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम में माननीय राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर, प्री-एसआईआर के दौरान मतदाता मैपिंग में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जनपदों के अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
जनपद रुद्रप्रयाग ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता मैपिंग के कार्य को अत्यंत पारदर्शिता और शुद्धता के साथ संपादित किया, जिसके परिणामस्वरूप जिले को राज्य स्तर पर एक विशिष्ट पहचान मिली।
इसी उत्कृष्ट कार्य के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रुद्रप्रयाग, प्रतीक जैन को कार्यक्रम में विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान जनपद प्रशासन की निर्वाचन कार्यों के प्रति उच्च स्तरीय कार्यकुशलता, समर्पण और प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
उल्लेखनीय है कि रुद्रप्रयाग के अतिरिक्त, प्रदेश के अन्य तीन जनपदों—बागेश्वर, उत्तरकाशी और चम्पावत को भी इस अवसर पर उनके बेहतरीन चुनावी कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।


