expr:class='data:blog.pageType' id='mainContent'>

UPCL स्टोर में एक नहीं दो-दो बार चोरों का बड़ा धावा, गार्डों की सतर्कता से टली लाखों की चोरी; CCTV में कैद हुई करतूत।

 


 


All India tv news। श्रीनगर गढ़वाल के चौरास इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) के आरडीएसएस (RDSS) प्रोजेक्ट स्टोर को चोरों ने अपना निशाना बनाने की कोशिश की। 29 जनवरी की रात बेखौफ चोरों ने एक नहीं बल्कि दो बार चोरी का प्रयास किया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। हालांकि, मुस्तैद गार्डों के चलते चोर अपने मंसूबों में पूरी तरह कामयाब नहीं हो सके।

मिडिया से मिली जानकारी के मुताबिक ये मामला 29 जनवरी की रात का है, जब चौरास स्थित यूपीसीएल के स्टोर में चोरी की दो बड़ी वारदातों को अंजाम देने की कोशिश की गई। पहली घटना रात करीब 10:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार, चोरों का एक गिरोह स्टोर में दाखिल हुआ और लगभग 350 किलो एल्यूमिनियम कंडक्टर समेटकर फरार होने की फिराक में था।

लेकिन स्टोर पर तैनात सुरक्षा गार्डों की पैनी नजर उन पर पड़ गई। खुद को घिरता देख चोर कंडक्टर छोड़कर मौके से भाग खड़े हुए। गनीमत रही कि गार्डों की सतर्कता के कारण लाखों का सरकारी माल चोरी होने से बच गया।

सीसीटीवी फुटेज और दूसरी कोशिश:-

हैरानी की बात यह है कि एक बार विफल होने के बाद भी चोरों के हौसले पस्त नहीं हुए। देर रात चोरों ने दोबारा स्टोर में सेंध लगाने की कोशिश की। चोरों की यह पूरी करतूत वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह चोर शातिर तरीके से स्टोर में दाखिल होने का प्रयास कर रहे थे।

वर्तमान स्थिति:-

इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं और स्थानीय लोगों के साथ-साथ विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है। यूपीसीएल के अधिकारियों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास में जुट गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.