All India tv news। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर माइलस्टोन 88 के पास शनिवार तड़के करीब 2:45 बजे एक भीषण हादसा हुआ। मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार, बस चालक ने यात्रियों के अनुरोध पर बस को निर्धारित 'ग्रीन जोन' के बजाय एक्सप्रेस-वे की चौथी लेन में ही खड़ा कर दिया और जैसे ही यात्री बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े हुए, नोएडा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े लोगों को कुचलते हुए निकल गया।
हादसे में जान गंवाने वाले मृतक:-
पुलिस द्वारा शिनाख्त किए गए मृतकों के नाम इस प्रकार हैं:
सोनू (32), निवासी औरैया
देवेश (32), निवासी बस्ती
मोहम्मद असलम (27), निवासी कन्नौज
संतोष कुमार (47), निवासी दिल्ली
अनुराग गुप्ता (27)
प्रमोद सिंह (35)
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें से शिवकांत दुबे (35) की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रशासनिक कार्रवाई और प्रतिक्रिया:-
मुख्यमंत्री की संवेदना:- यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।
पुलिस की तलाश:- हादसे के बाद कंटेनर और बस दोनों के चालक मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है।
आर्थिक सहायता:- मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने मृतकों के परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।

