All India tv news। ( देहरादून ) शिक्षा के मंदिर से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां छात्रों के हाथों में कलम की जगह पेंटिंग ब्रश थमा दिए गए। प्रेमनगर स्थित कैंट जूनियर हाईस्कूल में स्कूली बच्चों से स्कूल परिसर की रंगाई-पुताई (पेंटिंग) कराने का मामला तूल पकड़ चुका है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कैंट बोर्ड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूल की प्रधानाध्यापिका अजमत परवीन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
बीते दिनों इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से प्रसारित हुआ, जिसमें स्कूल के कुछ छात्र वर्दी में ही स्कूल की दीवारों और परिसर में पेंट करते नज़र आ रहे थे। स्थानीय लोगों ने जब मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया, तो स्कूल की एक शिक्षिका ने यह कहकर गुमराह करने की कोशिश की कि इन बच्चों को बाहर से पैसे देकर काम के लिए लाया गया है। हालांकि, जब लोगों ने अन्य छात्रों से पूछताछ की, तो सच्चाई सामने आ गई—पेंटिंग कर रहे बच्चे उसी स्कूल के छात्र और उनके सहपाठी थे।
प्रशासन की सख्त कार्रवाई :-
वीडियो वायरल होने और स्थानीय स्तर पर भारी विरोध के बाद कैंट बोर्ड प्रशासन हरकत में आया। मामले की गंभीरता और बाल श्रम व अनुशासनहीनता को देखते हुए कैंट बोर्ड के मुख्य अधिशासी अधिकारी (CEO) हरेंद्र सिंह ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों से इस तरह का कार्य कराना कतई स्वीकार्य नहीं है और इसी आधार पर प्रधानाध्यापिका को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए गए हैं।
इस घटना ने सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। अभिभावकों में इस घटना को लेकर गहरा रोष व्याप्त है।

