All India tv news। अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ धारानौला बस स्टैंड पर खड़ी एक यात्रियों से भरी बस को एक युवक चोरी कर ले भागा। गनीमत रही कि पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को धारानौला बस स्टैंड पर खड़ी एक बस के चालक और परिचालक पास के ही एक होटल में खाना खाने गए थे। बस में चाबी लगी हुई थी, जिसका फायदा उठाकर एक युवक अचानक ड्राइविंग सीट पर बैठ गया और बस स्टार्ट कर हल्द्वानी की ओर दौड़ानी शुरू कर दी। उस वक्त बस में करीब पांच यात्री सवार थे, जिनकी जान हलक में अटक गई।
पुलिस ने ऐसे किया काबू :-
बस को अचानक स्टैंड से गायब होता देख वहां हड़कंप मच गया। चालक और परिचालक ने तुरंत धारानौला चौकी पुलिस को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही हेड कांस्टेबल आसिफ हुसैन परिचालक के साथ मुस्तैदी दिखाते हुए बस के पीछे भागे। करीब 2 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने कर्बला तिराहे के पास बस को घेरकर रुकवा लिया।
आरोपी की पहचान :-
बस को कब्जे में लेने के बाद पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा। बस लेकर भागने वाले युवक की पहचान 28 वर्षीय अब्दुल अमीर खान के रूप में हुई है, जो नैनीताल जिले के भवाली का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई :-
पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर धारानौला चौकी आई, जहाँ पूछताछ के बाद उसके परिजनों को सूचित किया गया। पुलिस ने आरोपी का चालान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, क्योंकि जरा सी देरी किसी बड़ी अनहोनी का सबब बन सकती थी।

