All India tv news। रुपये-पैसे और जमीन की हवस इंसान को किस कदर हैवान बना देती है, इसकी रोंगटे खड़े कर देने वाली मिसाल उत्तर प्रदेश के बहराइच से सामने आई है। जहां एक कलयुगी बेटे ने खून के रिश्तों को तार-तार करते हुए अपने ही परिवार की बलि चढ़ा दी। जिस बेटे को मां-बाप ने लाड़-प्यार से पाला, उसी ने रात के अंधेरे में पूरे परिवार को मौत की नींद सुला दिया।
मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार दिल दहला देने वाली यह वारदात बहराइच जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर ऊदल गांव की है। 1 और 2 मार्च की दरमियानी रात, जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तब आरोपी निरंकार ने हाथ में कुल्हाड़ी थामी और हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।
लालच में अंधे हो चुके निरंकार ने एक-एक कर अपने माता-पिता, सगी बहन और बूढ़ी दादी की गर्दन पर वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। सुबह जब ग्रामीणों ने घर का मंजर देखा, तो उनकी रूह कांप गई। चारों तरफ सिर्फ खून और अपनों की लाशें बिखरी पड़ी थीं।
आखिर क्या थी इस दरिंदगी की वजह? बताया जा रहा है कि निरंकार का अपने परिवार से जमीन और गहनों के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। संपत्ति के इसी लालच ने उसे इतना क्रूर बना दिया कि उसने अपनों का ही खून बहाने में पल भर भी संकोच नहीं किया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है, लेकिन इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। आज हर कोई बस यही पूछ रहा है कि क्या दौलत की चमक के आगे सगे रिश्तों की कोई अहमियत नहीं रह गई?

