All India tv news। चौखुटिया (उत्तराखंड)। भरोसे की आड़ में लाखों रुपये के सरकारी माल पर हाथ साफ करने वाले एक शातिर चोर को चौखुटिया पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दबोच लिया है। पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर न सिर्फ आरोपी को गिरफ्तार किया, बल्कि चोरी की गई पूरी विद्युत केबिल भी बरामद कर ली है।
भरोसे का फायदा उठाकर की चोरी :-
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने विभाग और जनता के भरोसे का फायदा उठाते हुए भारी मात्रा में विद्युत केबिल चोरी कर ली थी। गायब हुई केबिल की कीमत बाजार में लगभग ₹5 लाख रुपये आंकी जा रही है। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था और पुलिस के सामने चोर को जल्द से जल्द पकड़ने की बड़ी चुनौती थी।
चौखुटिया पुलिस का '24 घंटे' का ताबड़तोड़ एक्शन :-
मामला दर्ज होते ही चौखुटिया पुलिस एक्टिव मोड में आ गई। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग जगहों पर दबिश दी और सटीक मुखबिरी व तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए विद्युत केबिल के सभी 06 बंडल सुरक्षित बरामद कर लिए हैं।
जनता कर रही सराहना :-
इतनी बड़ी चोरी का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करने पर स्थानीय जनता और विद्युत विभाग ने राहत की सांस ली है। चौखुटिया पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की चारों तरफ जमकर सराहना हो रही है। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।

