देहरादून: उत्तराखंड के उपभोक्ताओं के लिए आज सुबह एक बुरी खबर सामने आई है। वैश्विक ऊर्जा संकट और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने गैस सिलेंडरों के दामों में बड़ी बढ़ोतरी कर दी है।
घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किग्रा): 11 महीने की स्थिरता के बाद, घरेलू रसोई गैस की कीमतों में ₹60 की बढ़ोतरी की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में इसकी कीमत अब ₹913 हो गई है, जिसका सीधा असर उत्तराखंड के परिवारों के बजट पर भी पड़ेगा।
कमर्शियल गैस सिलेंडर (19 किग्रा):- व्यावसायिक उपयोग वाले सिलेंडरों के दाम में ₹115 की भारी वृद्धि की गई है।
उत्तराखंड के शहरों में स्थिति:-
देहरादून और हरिद्वार:- यहाँ औसत घरेलू सिलेंडर की कीमत में करीब ₹60 की बढ़त देखी गई है। जानकारी के अनुसार पहले देहरादून में कीमत ₹872 थी, जो अब बढ़कर लगभग ₹932 के स्तर पर पहुंच सकती है।
हल्द्वानी और नैनीताल:- इन क्षेत्रों में भी इसी अनुपात में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय करों के कारण अलग-अलग शहरों में अंतिम कीमतों में मामूली अंतर हो सकता है।
क्यों बढ़े दाम?
विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया (ईरान-इजरायल युद्ध) में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण वैश्विक कच्चे तेल और ऊर्जा बाजार में भारी उतार-चढ़ाव आया है, जिसके कारण भारतीय तेल कंपनियों को कीमतों में यह संशोधन करना पड़ा है। इसका सीधा असर मध्यम वर्ग की रसोई और रेस्तरां-होटलों के खर्च पर पड़ेगा।
राहत की बात:- सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मिलने वाली ₹300 की सब्सिडी जारी रहेगी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को कुछ राहत मिल सकेगी।

