All India tv news। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में अवैध खनन के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय गणपति ने ड्यूटी में लापरवाही और अवैध खनन को रोकने में नाकाम रहने पर शक्तिफार्म चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र भट्ट सहित 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उत्तराखंड में अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ धामी सरकार और पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। ताज़ा मामला ऊधम सिंह नगर जिले का है, जहां एसएसपी अजय गणपति ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरी की पूरी चौकी को ही लाइन हाजिर कर दिया है।
किस पर हुई कार्रवाई:- शक्तिफार्म चौकी के प्रभारी प्रकाश चंद्र भट्ट और उनके साथ तैनात 7 अन्य पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है।
कारण:- शक्तिफार्म क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। एसएसपी को वीडियो साक्ष्य के साथ विस्तृत शिकायत मिली थी कि पुलिस की नाक के नीचे खनन माफिया बेखौफ होकर काम कर रहे हैं।
जांच में पुष्टि:- प्राथमिक जांच में पुलिसकर्मियों की लापरवाही और ड्यूटी के प्रति उदासीनता पाए जाने के बाद सोमवार रात यह कड़ा फैसला लिया गया।
लाइन हाजिर होने वाले पुलिसकर्मी:- चौकी प्रभारी के अलावा अपर उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह बोरा, हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र प्रसाद और कांस्टेबल दीपक सिंह नेगी सहित अन्य शामिल हैं।
एसएसपी का कड़ा संदेश:-
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी क्षेत्र में पुलिस की मिलीभगत या लापरवाही सामने आती है, तो भविष्य में और भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में हरिद्वार के इकबालपुर चौकी में भी अवैध खनन से जुड़े एक ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर चौकी प्रभारी सहित 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। उत्तराखंड पुलिस की यह बैक-टू-बैक कार्रवाई खनन माफियाओं और उनके मददगारों के लिए एक बड़ी चेतावनी है।

