All India tv news। महाकुंभ 2027 को भव्य और सुगम बनाने के लिए उत्तराखंड पुलिस और मेला प्रशासन ने अभी से कमर कस ली है। इसी कड़ी में हरिद्वार स्थित सीसीआर (CCR) टावर में आईजी कुंभ मेला योगेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य केंद्र आगामी मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद करना रहा।
अधिकारियों का मंथन :-
बैठक में कुंभ मेला यातायात नियंत्रण उपसमिति के अध्यक्ष और एसएसपी नवनीत सिंह सहित पुलिस प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 2027 में श्रद्धालुओं और साधु-संतों की संख्या पिछले रिकॉर्ड तोड़ सकती है, जिसे देखते हुए एक फुल-प्रूफ 'ट्रैफिक मास्टर प्लान' तैयार किया जा रहा है।
जन-भागीदारी पर जोर :-
इस गोष्ठी की खास बात यह रही कि इसमें केवल सरकारी विभाग ही नहीं, बल्कि जमीन से जुड़े संगठनों को भी शामिल किया गया। बैठक में अखाड़ा परिषद, साधु समाज, होटल एसोसिएशन और टैक्सी चालक संघ के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। आईजी योगेंद्र सिंह रावत ने सभी संगठनों से बेहतर यातायात योजना के लिए सुझाव मांगे, ताकि स्थानीय निवासियों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को कम से कम असुविधा हो।
भविष्य की रणनीति :-
प्रशासन अब तक के आंकड़ों और भविष्य की संभावनाओं का विश्लेषण कर रहा है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़, पार्किंग की उपलब्धता और रूट डायवर्जन जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तृत प्लान तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि सभी हितधारकों के सुझावों को शामिल कर एक ऐसा सुगम रास्ता निकाला जाएगा जिससे कुंभ के दौरान धर्मनगरी की रफ्तार थमेगी नहीं।

