All India tv news। हरिद्वार: तीर्थनगरी के बहादराबाद थाना क्षेत्र से आज सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ अतमलपुर बौंगला बाईपास के पास एक खेत में करीब 40 वर्षीय व्यक्ति का लहूलुहान शव बरामद हुआ है। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सोमवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए, तब उन्होंने एक युवक का शव पड़ा देखा, जिसके सिर पर गहरी चोट के निशान थे और शरीर खून से लथपथ था। मामले की सूचना तुरंत बहादराबाद थाना पुलिस को दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स तुरंत मौके पर पहुँचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसके जरिए उसकी शिनाख्त करने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।
पुलिस कार्रवाई :-
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के सटीक कारणों और समय की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया है।
आगे की जाँच :-
मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास और बाईपास पर लगे तमाम CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक वहाँ कैसे पहुँचा और इस वारदात के पीछे कौन हो सकता है।

