All India tv news। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले से प्रशासन की एक बड़ी और साहसिक कार्रवाई की खबर सामने आ रही है। दिनेशपुर इलाके में आयुर्वेदिक दवाओं के नाम पर लंबे समय से चल रहे एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ है। खास बात यह है कि इस पूरे ऑपरेशन को गदरपुर एसडीएम ऋचा सिंह ने किसी फिल्मी स्टाइल में अंजाम दिया, जिसे देख हर कोई हैरान है।
जिले में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि आयुर्वेदिक दवाओं की आड़ में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर गदरपुर एसडीएम ऋचा सिंह ने खुद मोर्चा संभाला।
फर्जीवाड़े की तह तक जाने के लिए एसडीएम ऋचा सिंह ने अपनी पहचान छुपाई और खुद एक 'शुगर पेशेंट' (मधुमेह की मरीज) बनकर आरोपी के ठिकाने पर पहुंचीं। वहां उन्होंने आरोपी से दवा को लेकर बातचीत की और जैसे ही फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई, उन्होंने तुरंत अपनी टीम को इशारा कर दिया।
कार्रवाई का मुख्य बिंदु:-
फिल्मी अंदाज में छापेमारी:- एसडीएम को सामान्य मरीज समझकर आरोपी बेखौफ होकर अपनी नकली दवाएं बेच रहा था।
मौके से बरामदगी:- प्रशासन की टीम ने भारी मात्रा में संदिग्ध आयुर्वेदिक दवाएं और संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं।
भरोसे का कत्ल:- आरोपी बिना किसी वैध डिग्री या मानकों के लोगों को ठीक करने का दावा कर रहा था।
एसडीएम का बयान:-
एसडीएम ऋचा सिंह ने बताया कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संदिग्ध क्लीनिक और दवाओं की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सावधानी की अपील:-
प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे नीम-हकीमों और बिना मान्यता प्राप्त क्लीनिकों के झांसे में न आएं और हमेशा विशेषज्ञ डॉक्टरों से ही परामर्श लें।

